पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भाई दीनानाथ के खिलाफ रांची में प्राथमिकी, लॉकडाउन उल्‍लंघन का है मामला

पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भाई दीनानाथ के खिलाफ रांची में प्राथमिकी, लॉकडाउन उल्‍लंघन का है मामला

छपरा जिले के मशरख से अपने बेटे अभिषेक सिंह की बरात लेकर रांची आए पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भाई दीनानाथ सिंह के खिलाफ रांची के बरियातू थाने में लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बड़गाईं के अंचलाधिकारी वीरेंद्र कुमार साहू के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में दीनानाथ सिंह के अलावा दुल्हन के पिता प्रमोद कुमार सिंह व मोरहाबादी के बोड़ेया रोड निवासी गीतांजलि बैंक्वेट हॉल के मालिक विनोद गोप सहित 60-65 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपित किया गया है।

प्रशासन को सूचना मिली थी कि दीनानाथ सिंह 14 मई को छपरा जिले के मशरख से अपने बेटे की बरात में करीब 300 छोटी गाड़ियां लेकर रांची पहुंचे थे। इस सूचना के सत्यापन व जांच की जिम्मेदारी बड़गाईं के अंचलाधिकारी वीरेंद्र कुमार साहू को दी गई थी। अंचलाधिकारी ने जांच में पाया कि उक्त शादी-समारोह में कोविड-19 के गाइडलाइंस का उल्लंघन किया गया। विवाह समारोह में शामिल लोगों ने न शारीरिक दूरी का पालन किया और न ही मास्क ही पहना था।

गौरतलब है कि राज्य में 27 मई तक स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह लागू है। 15 मई की शाम तक शादी-समारोह में अधिकतम सिर्फ 50 लोगों के ही शामिल होने की अनुमति दी गई थी। यह अनुमति भी स्वास्थ्य विभाग से जारी गाइडलाइंस के आधार पर ही दी गई थी, जिसमें मास्क व शारीरिक दूरी का पालन अनिवार्य किया गया था। 16 मई की सुबह छह बजे से 27 मई तक शादी-समारोह में अधिकतम 11 लोगों के शामिल होने संबंधित आदेश निर्गत है।

 

इनपुट : दैनिक जागरण

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!